फरीदाबाद। एनआईटी-2 स्थित महावीर सामुदायिक केंद्र में शुक्रवार को “फरीदाबाद जिला किकबॉक्सिंग संघ” के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 25वीं रजत जयंती जिला स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन ही खिलाड़ियों ने जोश और उत्साह के साथ शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
संघ के संस्थापक महासचिव संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से करीब 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता के अनुसार उद्घाटन समारोह में समाजसेवी कविंदर फागना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष आनंद मेहता ने की। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कवि दिनेश रघुवंशी, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के प्राचार्य संजीव कुमार गुप्ता, रोटरी क्लब फरीदाबाद संस्कार के अध्यक्ष बृजभूषण गोयल तथा क्रीड़ा भारती के विभाग प्रमुख संदीप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इसके अलावा संघ के पदाधिकारियों में अरुण सर्राफ, अजय अग्रवाल, वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के मेडिकल समिति के चेयरमैन डॉ. शतायु अग्रवाल, शिक्षाविद राम गोपाल शर्मा तथा विश्व प्रसिद्ध डॉ. बिश्वरूप रॉय चौधरी ने भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान संघ द्वारा रजत जयंती उत्सव के उपलक्ष्य में केक काटकर जश्न मनाया गया। साथ ही खिलाड़ियों ने किकबॉक्सिंग के विभिन्न कौशलों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को आयोजित होगा, जिसमें बड़खल के विधायक धनेश अदलखा मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, प्रसिद्ध ज्योतिषी डॉ. पंकज निर्मल और मारवाड़ी युवा मंच फरीदाबाद के सचिव महेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के दौरान रेफरी के रूप में अरविंद शेरवालिया, जसवंत सिंह, सुधीर, रितेश गुलिया, शिवानी गुप्ता, प्रिया वर्मा, राम भंडारी, लक्ष्मण दास, सचिन, बलविंदर और मनीष कुमार अपनी सेवाएं देंगे।

