विधायक सतीश फागना ने अधिकारियों के साथ की बैठक, पानी आपूर्ति, सफाई और अतिक्रमण हटाने पर सख्त निर्देश

फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश कुमार फागना ने नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, एफएमडीए अधिकारियों और पार्षदों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—खासकर पानी की कमी, सीवर व्यवस्था और सफाई—को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक फागना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की मुख्य लाइन में हो रहे अवैध कनेक्शनों का एक सप्ताह के भीतर सर्वे कर उन्हें तुरंत काटा जाए। उन्होंने बताया कि एनआईटी क्षेत्र में करीब 28 एमएलडी पानी की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में मात्र 11 से 18 एमएलडी पानी ही पहुंच रहा है। ऐसे में अवैध कनेक्शनों को हटाकर पानी के बूस्टर तक पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की सप्लाई बढ़ाने, पानी के टैंकरों के टेंडर की स्थिति स्पष्ट करने और गंदे पानी की निकासी के लिए गोच्छी ड्रेन की सफाई कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही, एनआईटी क्षेत्र के लिए निर्धारित पानी की लाइन से अन्य स्थानों को दिए गए कनेक्शनों को बंद करने और एफएमडीए लाइनों में लगे अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए।

सीवर और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सारन स्कूल रोड पर पुरानी सीवर लाइन को बदलकर नई बड़ी लाइन डालने और साथ में स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने के निर्देश दिए गए। नाले को गोच्छी ड्रेन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

विधायक ने प्रत्येक वार्ड में नालियों, पुलियों और सीवर की मरम्मत के लिए अलग-अलग फाइल तैयार करने, सफाई कर्मचारियों की कमी को दूर करने और सभी वार्डों में समान रूप से तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जेसीबी, ई-रिक्शा, मैनपावर और छोटे ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की भी बात कही।

बैठक में सेक्टर-25 से वार्ड-6 तक 6 इंच की पानी की लाइन डालने, सेक्टर-25 बूस्टर को एफएमडीए को हैंडओवर करने, डबुआ जाट धर्मशाला के पास लगे बैरियर को हटाने और जनता कॉलोनी से डबुआ बूस्टिंग के लिए अतिरिक्त पानी देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सेक्टर-22 श्मशान घाट से सोहना रोड तक गोच्छी ड्रेन के पुनर्निर्माण पर भी विचार किया गया।

विधायक ने डबुआ रोड और सोहना रोड पर अतिक्रमण हटाने, लेजर वैली पार्क निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने, मुख्य स्थानों पर मेन गेट लगाने और डबुआ प्याली चौक से नंबर-3 पुलिया तक ग्रीन बेल्ट में पार्क विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और काम शुरू न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नए टेंडर जारी करने या ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर बेंच लगाने पर भी जोर दिया।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी जल्द ही कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके और विकास कार्यों को गति मिल सके।

बैठक में एफएमडीए के अधिकारी, पार्षदगण और नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)