शिक्षा और नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल, बेटियों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण वातावरण
फरीदाबाद, अप्रैल । हरियाणा सरकार ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती देते हुए ओल्ड फरीदाबाद स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ₹3.5 करोड़ की लागत से बनने वाले डबल स्टोरी भवन का भूमि पूजन कराया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री गोयल ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि नया भवन छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों का निर्माण केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा खड़ा करना नहीं होता, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। यहां से शिक्षा ग्रहण करने वाली बेटियां आगे चलकर समाज और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल योजनाओं से पूरा नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और दृढ़ निश्चय से साकार होगा। आज देश का भविष्य विद्यार्थियों के रूप में हमारे सामने बैठा है, जो आने वाले समय में राष्ट्र की दिशा और दशा तय करेगा।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है और आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन तथा उद्योग सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
श्री गोयल ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर बेटी को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वह बिना किसी बाधा के अपने सपनों को साकार कर सके। नया विद्यालय भवन इसी सोच और संकल्प का साकार रूप है, जो हजारों छात्राओं के जीवन को नई दिशा देगा।
फरीदाबाद के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शहर को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के साथ-साथ ग्रीन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य मंजुला चौधरी, डीईओ आंशु सिंगला, पार्षद शैफाली सिंगला, कर्ण सिंगला, मुकेश शास्त्री, रिंकू सिलानी, मुकेश अग्रवाल, विनोद भाटी, सचिन शर्मा, कुलदीप साहनी, नरेश नंबरदार, प्रियंका बिष्ट, परवीन चौधरी, सोनू पाराशर, परवेश मेहता, रमेश जांगड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय के शिक्षण स्टाफ एवं स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेटियों के सुनहरे भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

