– सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जिले में मनाया जाएगा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व”
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ से और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से जुड़ेंगे लाइव, जिले में होगा भव्य आयोजन
फरीदाबाद, मई। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई 2026 को सैनिक कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में भव्य “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक पुनर्निर्माण और राष्ट्र गौरव से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ से तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से लाइव संबोधन के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। जिले में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकें।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम में भाग लें और भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव से जुड़े इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।

