फरीदाबाद। जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी सेक्टर-6 स्थित शाकुंतलम इंडोर हॉल में शनिवार को दो दिवसीय “25वीं रजत जयंती ऑल हरियाणा स्टेट किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। 9 और 10 मई तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन ‘फरीदाबाद जिला किकबॉक्सिंग संघ’ एवं ‘हरियाणा किकबॉक्सिंग संघ’ द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
हरियाणा किकबॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 10 बजे संपन्न हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त महाअधिवक्ता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री विकास वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय कवि श्री दिनेश रघुवंशी ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रीड़ा भारती फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष श्री आनंद मेहता, राजस्थान एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गौतम चौधरी, एस.आर.एस. इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक श्री विनय गोयल, क्रीड़ा भारती फरीदाबाद विभाग संयोजक श्री संदीप सिंह तथा प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिस्वरूप रॉय चौधरी मौजूद रहे।
संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष पहली बार “पैरा राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप” का भी आयोजन किया गया है, जिससे दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी “नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026” के लिए मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
हरियाणा किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव श्री अनिल गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार मुकाबलों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में एकॉर्ड हॉस्पिटल फरीदाबाद के चेयरमैन (ऑर्थोपेडिक्स, स्पोर्ट्स इंजरी एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट) डॉ. युवराज कुमार मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर अग्रवाल सेवा सदन सेक्टर-11 के प्रधान श्री एस.एन. बंसल, भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती तमन्ना अग्रवाल, ईएसआई हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. हेमंत अत्रि, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता तथा शतायु मल्टीस्पेशलिटी क्लिनिक के चेयरमैन डॉ. ललित अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

