ग्रेटर फरीदाबाद | विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे के अवसर पर “ममता, संस्कार, सम्मान” एवं “मां है तो संसार है” थीम पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मां के महत्व, त्याग और प्रेम से परिचित कराना था। पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, फूलों एवं आकर्षक संदेशों से सजाया गया, जिससे वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण और भावुक दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, कविता एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से मां के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत “मां मेरी पहली गुरु” एवं “मां है तो संसार है” विषय पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया।
विद्यालय द्वारा माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेलों के दौरान बच्चों और माताओं के बीच प्रेम और अपनापन साफ दिखाई दिया। विजेता माताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से उपस्थित प्रिंसिपल संगीता भाटी , रेणु आर्य और श्वेता अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि मां बच्चों के जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। मां केवल परिवार की नींव ही नहीं, बल्कि बच्चों के संस्कारों की पहली पाठशाला भी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में पारिवारिक मूल्यों एवं सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
विद्यालय के डायरेक्टर दीपक यादव एवं प्राचार्य रेखा मालिक ने सभी माताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। मां के प्रेम, त्याग और आशीर्वाद से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूरा कार्यक्रम भावनाओं, उत्साह और खुशियों से भरपूर रहा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं दी गईं तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

