-तेज तूफान से हुई क्षति का निरीक्षण कर खिलाड़ियों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
-कहा, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर नहीं पड़ने दिया जाएगा कोई प्रभाव, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रियंका तेवतिया से मुलाकात कर बढ़ाया उत्साह
-युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा नया आयाम
पलवल, 6 जून। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने दो दिन पूर्व आए तेज तूफान से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने देवा बॉक्सिंग अकादमी पहुंचकर प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति का निरीक्षण किया तथा अकादमी की संचालक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रियंका तेवतिया से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला भी मौजूद रहे।
खेल राज्य मंत्री ने अकादमी परिसर का अवलोकन करते हुए हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रियंका तेवतिया सहित वहां उपस्थित खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अकादमी को जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाडिय़ों के प्रशिक्षण एवं खेल गतिविधियों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पडऩे दिया जाएगा। श्री गौतम ने कहा कि देवा बॉक्सिंग अकादमी क्षेत्र के युवा खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अकादमी से जुड़े खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गर्व का विषय है। उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाडिय़ों से भी संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल संसाधन तथा उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अकादमी में आने वाले खिलाडिय़ों को राज्य सरकार की खेल योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक खिलाड़ी हरियाणा की पहचान है और सरकार उनकी प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार खिलाडिय़ों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री ने रविवार को आयोजित होने वाले साइकिल ऑन संडे कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक युवाओं से भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल साइकिल रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने का एक जन-जागरूकता अभियान है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने परिवार एवं मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर फिट इंडिया-फिट हरियाणा के संकल्प को सशक्त बनाने की अपील की।

