– गुरु गोबिंद सिंह जी की प्रेरणा से स्थापित हुआ ‘वारियर कॉम्बैट’: जीवनज्योत कौर– फरीदाबाद के खिलाड़ियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण
फरीदाबाद, 07 जून। फरीदाबाद के एनआईटी-5 क्षेत्र में मार्शल आर्ट्स, किकबॉक्सिंग एवं सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से “वारियर कॉम्बैट” (Warrior Combat) का भव्य उद्घाटन 16 जून 2026 को 20, ब्लॉक-ई, एनआईटी-5, फरीदाबाद में किया जाएगा। साथ ही, समाज सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए उसी दिन एक विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
इस प्रशिक्षण केंद्र का संचालन अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता एवं अनुभवी प्रशिक्षकों जीवनज्योत कौर और दिव्यांश मनुजा द्वारा किया जाएगा। जीवनज्योत कौर वर्तमान में डब्ल्यूएफकेओ (WFKO) की वर्ल्ड वाइस प्रेसिडेंट एवं हरियाणा अध्यक्ष हैं, जबकि दिव्यांश मनुजा हरियाणा के जनरल सेक्रेटरी के रूप में खेल जगत में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वारियर कॉम्बैट में किकबॉक्सिंग, मार्शल आर्ट्स, सेल्फ डिफेंस, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एवं प्रतियोगी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संस्थान का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और बच्चों को शारीरिक रूप से सशक्त, आत्मविश्वासी एवं अनुशासित बनाना है।
वर्ल्ड वाइस प्रेसिडेंट (WFKO) एवं हरियाणा अध्यक्ष जीवनज्योत कौर ने कहा कि “पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की कृपा से हमें युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। गुरु साहिब ने हमें साहस, अनुशासन और सेवा का संदेश दिया है, और इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वारियर कॉम्बैट’ की स्थापना की गई है। हमारा लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक बनाना है जो आत्मरक्षा में सक्षम हों, समाज में सकारात्मक योगदान दें और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें। आज के समय में विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। वारियर कॉम्बैट के माध्यम से हम अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करेंगे ताकि फरीदाबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। हमें विश्वास है कि यह संस्थान युवाओं के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।

