चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से प्रस्तावित स्वदेशी हाइड्रोजन रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और आधुनिक तकनीक पर आधारित नए भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विकसित भारत के संकल्प और देश की ग्रीन एनर्जी यात्रा का राष्ट्रीय प्रतीक बनेगा।

झज्जर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धनखड़ ने कहा कि लगभग 1,200 हॉर्स पावर क्षमता वाली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी नवाचार और आधुनिक रेल तकनीक का प्रतीक है। आज पूरी दुनिया कार्बन उत्सर्जन कम करने और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ रही है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ग्रीन हाइड्रोजन, अक्षय ऊर्जा और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से हमेशा विकास और राष्ट्र निर्माण का विशेष जुड़ाव रहा है। रेवाड़ी से पूर्व सैनिकों के सम्मान का संदेश, पानीपत से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान, कुरुक्षेत्र से सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, हिसार में हवाई संपर्क विस्तार और अब जींद से हाइड्रोजन रेल सेवा का शुभारंभ इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा राष्ट्रीय महत्व की विकास परियोजनाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को छू रही है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, पीएम गति शक्ति और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने देश को विनिर्माण, नवाचार और निवेश का वैश्विक केंद्र बनाया है। उन्होंने कहा कि यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली आज दुनिया के अनेक देशों के लिए उदाहरण बन चुकी है। भारत जहां पहले रक्षा उपकरण आयात करता था, वहीं अब मिसाइलों का निर्यात कर रहा है और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए धनखड़ ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने कृषि क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के किसानों के खातों में 24,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। प्रदेश में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद, फसल नुकसान पर प्रत्यक्ष मुआवजा, ड्रोन तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई और आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा रहा है। साथ ही डिजिटल सेवाओं, सशक्त पंचायतों और ग्रामीण विकास योजनाओं से गांवों में व्यापक परिवर्तन आया है।

उन्होंने बताया कि झज्जर, बहादुरगढ़ और बादली विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक एवं कार्यकर्ता झज्जर स्थित नेहरू कॉलेज सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे, जबकि बेरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता और नागरिक 17 जुलाई को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।

धनखड़ ने प्रदेशवासियों से 17 जुलाई के कार्यक्रम को विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बताते हुए इसमें सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रेल सेवा का शुभारंभ नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, आधुनिक, तकनीक-संपन्न और विकसित भारत की दिशा में देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जींद से उठने वाला यह संदेश भारत की तकनीकी क्षमता, आर्थिक प्रगति और ग्रीन एनर्जी के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को वैश्विक पहचान दिलाएगा।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष विकास और राष्ट्रीय हितों के मुद्दों से खुद को नहीं जोड़ पा रहा है, इसलिए राजनीतिक रूप से लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करने में विश्वास रखती है। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर पूछे गए प्रश्न पर धनखड़ ने कहा कि यह भारतीय चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है और हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, प्रभारी हरविंद्र कोहली, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान, संजय कबलाना, दिनेश कौशिक सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)