जींद, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से प्रदेश को लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा विकास की नई पटरी पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और डबल इंजन सरकार राज्य को आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा नई तकनीकों से जोड़ने का काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत जींद की जनता को ‘राम-राम’ कहकर की। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता के रूप में वर्षों पहले जींद आने की यादें आज भी उनके मन में ताजा हैं। उन्होंने कहा कि जींद के लोगों का स्नेह और अपनापन कभी नहीं भूला जा सकता। उन्होंने कहा कि समय के साथ जींद का विकास और पहचान दोनों बदले हैं तथा आज यह भाजपा के सुशासन मॉडल का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।
देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत हुई है, जो भारतीय रेलवे को हरित एवं आधुनिक परिवहन की दिशा में नई पहचान देगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारत की पहली रेल बॉम्बे से ठाणे के बीच चली थी, उसी प्रकार भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन की चर्चा होगी, तब जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम गर्व से लिया जाएगा।
स्वच्छता अभियान की सराहना
प्रधानमंत्री ने जींद के नागरिकों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके दौरे से पहले जिस प्रकार पूरे शहर में सफाई अभियान चलाया गया, उसकी चर्चा पूरे देश में हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जीवन का स्थायी संस्कार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक स्वयं गंदगी न फैलाने का संकल्प लें, तो किसी विशेष अभियान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय, 24.27 किलोमीटर लंबा हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के अंबाला-काला अंब खंड, जींद-गोहाना हाईवे सहित अनेक सड़क एवं रेल परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा उन्होंने भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज, नारनौल के महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां भी प्रदान कीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर प्रदेश में आधुनिक परिवहन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, औद्योगिक विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से हरियाणा की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश देश के विकास में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

