– महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और कौशल विकास से होगा सशक्त समाज का निर्माण : मेयर प्रवीण जोशी

– महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : सीमा त्रिखा

– हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने 30 महिला लाभार्थियों को वितरित किए अनुदान राशि के चेक, उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी तथा हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा रही मौजूद

 

फरीदाबाद, 22 जुलाई। हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और स्वरोजगार आधारित सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर बने, अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित करे तथा अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करे। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने आज 30 महिला लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु 2 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी तथा हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा भी मौजूद रही।

हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने कहा कि हरियाणा में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आजीविका से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमिता को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि महिलाएं अपने कौशल एवं प्रतिभा के आधार पर स्वरोजगार स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और सरकार उसे पहचान दिलाने तथा आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण, अनुदान तथा प्रशिक्षण जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, किसी भी प्रकार की झिझक छोड़कर आगे आएं और अपने व्यवसाय की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर संबंधित विभागों के अधिकारी महिलाओं का मार्गदर्शन करने तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सदैव उपलब्ध हैं।

चेयरपर्सन ने सुनीता डांगी कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। पंचायतों, स्थानीय निकायों, प्रशासन, शिक्षा, कृषि तथा आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार नई तकनीकों से महिलाओं को जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें तथा अपने मोबाइल फोन और संबंधित विभागों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और महिलाओं के सामूहिक प्रयासों से हरियाणा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान को और अधिक मजबूत करेगा।

नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाया है और हरियाणा ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी का स्वागत करते हुए कहा कि महिला मोर्चा से जुड़ी एक कार्यकर्ता का चेयरपर्सन बनकर महिलाओं के हित में कार्य करना प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि निगम की योजनाएं महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ रही हैं। सरकार महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपनी प्रतिभा और कौशल की पहचान कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते हुए स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।

मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा के साथ कोई न कोई व्यावसायिक कौशल अवश्य सीखना चाहिए, ताकि वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि सिलाई, ब्यूटी पार्लर, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण तथा अन्य घरेलू उत्पादों का निर्माण महिलाओं के लिए आय का अच्छा माध्यम है और हस्तनिर्मित उत्पादों की बढ़ती मांग का उन्हें लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम फरीदाबाद स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके विपणन के लिए समर्पित स्थान विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी का स्वागत करते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता से चेयरपर्सन तक का उनका सफर महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, ड्रोन दीदी तथा अन्य महिला कल्याण योजनाओं ने महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और महिला विकास निगम के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अन्य जरूरतमंद महिलाओं को भी इनसे जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही अधिकारियों से अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने की अपील की।

इस अवसर पर डीपीएम शिवम तिवारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)