बल्लभगढ़, 16 सितंबर। रेलवे स्टेशन बल्लभगढ़ पर चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग तीन ब्रांड की 82 बोतल अंग्रेजी शराब/वाइन बरामद हुई हैं। आरोपी कथित रूप से शराब को सिकंदराबाद, तेलंगाना ले जाने की फिराक में था।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन बल्लभगढ़ पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में तीन बैग लेकर जा रहे एक युवक को रोककर पूछताछ की। आरोपी की पहचान जानू रजनीकांत निवासी भूपाल नगर, पेटी कुंडा, तेलंगाना के रूप में हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह सरसों के तेल का व्यापारी है और अपने साथ तेल लेकर जा रहा है। हालांकि, पुलिस को उसके जवाब पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके तीनों बैगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से अलग-अलग तीन ब्रांड की कुल 82 बोतल वाइन/अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शराब को सिकंदराबाद, तेलंगाना ले जाने की बात सामने आई। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया।

एक सप्ताह पहले भी बरामद हुआ था 50 किलो गांजा

गौरतलब है कि बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की ओर से नशे के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी स्टेशन पर गत सप्ताह भी जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए करीब 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से रेलवे स्टेशन के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)