– 100 से अधिक स्टॉलों पर प्रदर्शित होंगे मोटे अनाज एवं जैविक उत्पाद, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को मिलेगा विपणन का अवसर
– महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मिलेट आधारित व्यंजनों, तकनीकी सत्रों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, आमजन के लिए प्रवेश निःशुल्क
फरीदाबाद, 17 नवंबर। हरियाणा में मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन, उपयोग एवं विपणन को बढ़ावा देने तथा आमजन को इनके पोषण संबंधी महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 27 से 29 नवंबर 2026 तक जिला में स्थित सूरजकुंड मेला परिसर में तीन दिवसीय मिलेट महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि मिलेट महोत्सव स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ टिकाऊ कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों की आय में वृद्धि तथा ग्रामीण महिलाओं एवं खाद्य उद्यमियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। महोत्सव में आमजन के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने जिलावासियों सहित प्रदेश एवं देश के किसानों, विद्यार्थियों, उद्यमियों, पर्यटकों और खान-पान में रुचि रखने वाले लोगों का आह्वान किया कि वे 27 से 29 नवंबर तक सूरजकुंड मेला परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें।
अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से मोटे अनाज को आमजन की दैनिक खान-पान की आदतों का हिस्सा बनाने के साथ-साथ किसानों, स्वयं सहायता समूहों और खाद्य उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय कदन्न अनुसंधान संस्थान (IIMR), कृषि विभाग, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HSRLM) तथा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा के सहयोग से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर मोटे अनाज, जैविक खाद्य पदार्थों, पौष्टिक स्नैक्स, पेय पदार्थों तथा मिलेट आधारित पारंपरिक एवं आधुनिक खाद्य उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी।
एडीसी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य मोटे अनाज के पोषण, कृषि, आर्थिक एवं पर्यावरणीय महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और स्वस्थ खान-पान की आदतों को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), स्वयं सहायता समूहों (SHGs), स्टार्टअप्स एवं खाद्य उद्यमियों को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और विपणन के लिए अवसर प्रदान किए जाएंगे। किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें बिना किसी स्टॉल शुल्क के स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ ट्राईसिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट एवं होटल उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठान भी भाग लेंगे। इनके माध्यम से मिलेट आधारित विशेष व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा। आगंतुकों को पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ आधुनिक एवं नवाचार आधारित मिलेट व्यंजनों का स्वाद चखने और उनकी उपयोगिता जानने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त जैविक एवं प्राकृतिक रूप से उत्पादित मोटे अनाज, प्राकृतिक खेती की तकनीकों, आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण प्रणालियों तथा मूल्य संवर्धित उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि महोत्सव के दौरान भारतीय खाद्यान अनुसंधान संस्थान (IIMR), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विश्वविद्यालयों एवं अन्य अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभ, उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, विपणन एवं व्यावसायिक संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। वहीं, प्रगतिशील किसान अपने अनुभव साझा करते हुए मिलेट की खेती से जुड़ी सफल कृषि पद्धतियों की जानकारी भी देंगे।
उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को मोटे अनाज के महत्व से जोड़ने के लिए स्कूली विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, कुकिंग एवं रेसिपी प्रतियोगिताएं तथा नवाचार संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। मिलेट उत्पादन एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों को भी महोत्सव के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

