– 12 दिसंबर को जिला न्यायालय परिसर सेक्टर-12 में आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

– आपसी सहमति से लंबित मामलों का होगा सौहार्दपूर्ण निपटारा, आमजन को मिलेगा त्वरित एवं सुलभ न्याय

 

फरीदाबाद,  नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा आगामी 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला न्यायालय परिसर, सेक्टर-12, फरीदाबाद में आयोजित होगी। इस आयोजन का संचालन जगदीप सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के सक्षम नेतृत्व में किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को त्वरित, सरल, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जा सके। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर वाहन दुर्घटना दावा (MACT) मामले, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, दीवानी वाद, समझौता योग्य फौजदारी मामले, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, जल बिल विवाद (आपसी सहमति की स्थिति में), राजस्व संबंधी विवाद, ट्रैफिक चालान एवं समरी चालान सहित अन्य छोटे एवं समझौता योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा।

बैंक एवं अन्य प्री-लिटिगेशन मामलों के लिए 10 दिसंबर को आयोजित होगी विशेष लोक अदालत
सीजेएम जितेंद्र सिंह ने बताया कि बैंक संबंधी एवं अन्य प्री-लिटिगेशन मामलों के निपटारे के लिए 10 दिसंबर 2026 को स्थायी लोक अदालत के अंतर्गत राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें ऐसे मामले शामिल होंगे, जो अभी न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं और जिन्हें आपसी सहमति से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने जिला के नागरिकों का आह्वान किया है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए संबंधित न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत में मामलों के निपटारे के दौरान पक्षकारों को कोई कोर्ट फीस अदा नहीं करनी पड़ती। यदि किसी मामले में पहले से कोर्ट फीस जमा कराई गई है, तो नियमानुसार उसकी वापसी का प्रावधान है। लोक अदालत में आपसी सहमति से पारित निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होता है तथा इसके विरुद्ध कोई अपील नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा, बल्कि आमजन को समय और धन की बचत के साथ विवादों का स्थायी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान भी प्राप्त होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने मामलों का निपटारा करवाकर त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)