गुरु महाराज से जाप मंत्र लेकर सादगी से जीवन जीने की ली प्रेरणा

फरीदाबाद | सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में आज 518 लोगों को गुरु महाराज से दीक्षा प्राप्त हुई। पंच विधि से गुजरने के बाद इन लोगों को गुरु महाराज ने जाप के लिए मंत्र प्रदान किया और भगवान के शरणागत करवाया। इससे पहले यज्ञ, ताप, जनेऊ, तिलक भी धारण करवाया गया।
इस अवसर पर जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने बताया कि आज का दिन दीक्षा प्राप्त करने वालों के जीवन का शुभ दिन है, आज सभी का आध्यात्मिक जन्म हुआ है क्योंकि आज जीवन को संवारने वाला भगवान का नाम मिला है। उन्होंने बताया कि हम कौन हैं, हमारा जन्म क्यों हुआ है और हमारे करने योग्य कर्म क्या है। गुरु महाराज ने बताया कि गुरु के माध्यम से भगवान हमारा उद्धार करने के लिए दीक्षा और मंत्र देते हैं। बिना दीक्षा लिए मनुष्य का जीवन पशु जैसा है क्योंकि पशु जीवन भर भोग भोगता है और मर जाता है लेकिन मनुष्य का जन्म मुक्त होने के लिए मिला है।
उन्होंने बताया कि श्री रामानुज स्वामीजी ने भगवान से वचन लिया है कि जो भी वैष्णव अपने बाजुओं पर  शंख चक्र धारण कर लेता है और गुरु से नाम प्राप्त कर लेता है, उसकी मुक्ति स्पष्ट होती ही है। उन्होंने कहा कि आप अपने जीवन में दान, सेवा और प्राप्त हुए मंत्र का जाप करें। हालात कुछ भी हों लेकिन भगवान का सिमरन न छोड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *