₹14,007.29 करोड़ के स्वास्थ्य बजट से अस्पताल अपग्रेडेशन, नई एंबुलेंस, मेडिकल कॉलेज, डायलिसिस व आयुष सेवाओं को मिलेगा मजबूती

चंडीगढ़, 2 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुलभ, आधुनिक और किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वर्ष 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य विभाग के लिए ₹14,007.29 करोड़ के ऐतिहासिक प्रावधान की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 23 जिला अस्पतालों में अब अमृत (AMRIT) फार्मेसी स्टोर स्थापित किए जाएंगे, जिससे मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं बाजार दर से काफी कम कीमत पर उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 28 नई फूड टेस्टिंग वैन खरीदी जाएंगी, जबकि दवाओं की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने हेतु पंचकूला और करनाल में दो नई औषधि परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।

स्वास्थ्य बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा ईएसआई योजनाओं के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान ₹11,507.11 करोड़ की तुलना में वर्ष 2026-27 के लिए बजट को बढ़ाकर ₹14,007.29 करोड़ किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 32.89 प्रतिशत अधिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से स्वास्थ्य संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। संस्थागत प्रसव दर 85.7 प्रतिशत से बढ़कर 98.8 प्रतिशत हो गई है, जबकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी महत्वपूर्ण कमी दर्ज की गई है।

जिला अस्पताल होंगे आधुनिक सुविधाओं से लैस

सरकार ने जून 2026 तक सभी जिला अस्पतालों में स्वच्छता सुधार, आधुनिक शौचालय, बेहतर भवन स्वरूप और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में 18 जिलों में सीटी स्कैन तथा 7 जिलों में एमआरआई सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं, जबकि शेष जिलों में यह सुविधाएं 30 जून 2026 तक उपलब्ध करा दी जाएंगी।

इसके साथ ही फरीदाबाद जिला अस्पताल को 200 से बढ़ाकर 400 बिस्तरों का किया जाएगा, जबकि सोनीपत और रेवाड़ी जिला अस्पतालों को 300 बिस्तरीय अस्पतालों में अपग्रेड किया जाएगा। गुरुग्राम, हिसार, रेवाड़ी, झज्जर और अन्य जिलों में अतिरिक्त भवन निर्माण भी शुरू किया जाएगा।

मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय तथा कोरियावास के महर्षि च्यवन चिकित्सा महाविद्यालय में 100-100 एमबीबीएस विद्यार्थियों के प्रथम बैच का प्रवेश शुरू हो चुका है।

राज्य में 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपग्रेड किया जाएगा तथा फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, जींद और कुरुक्षेत्र सहित विभिन्न जिलों में 17 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 100 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे।

मुफ्त डायलिसिस, कैथ लैब और आपात सेवाओं को मजबूती

सरकारी अस्पतालों में शुरू की गई मुफ्त डायलिसिस सेवा के अंतर्गत अब तक 2.38 लाख से अधिक सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। आगामी वर्ष में 18 नए डायलिसिस केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

यमुनानगर, हिसार, बहादुरगढ़, सोनीपत, करनाल और भिवानी में 6 नई कैथ लैब स्थापित होंगी। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट और 167 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस खरीदी जाएंगी।

वरिष्ठ नागरिकों व मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को ‘निरोगी हरियाणा’ योजना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधा देने की घोषणा की है। साथ ही प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता नियुक्त किए जाएंगे, जो स्कूलों एवं कॉलेजों में भी सेवाएं प्रदान करेंगे।

आयुष और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा

आयुष सेवाओं के विस्तार हेतु यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और करनाल में 25 नए आयुष औषधालय खोले जाएंगे। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में ₹135 करोड़ की लागत से शिक्षा एवं अनुसंधान अवसंरचना विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों के लिए प्रतिदिन योग ब्रेक की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए नई पहल

सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने हेतु ₹100 करोड़ की नई योजना लागू की जाएगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए एफआरयू केंद्रों की संख्या 92 से बढ़ाकर 100 की जाएगी तथा कई जिलों में स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट स्थापित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि हरियाणा को ‘स्वस्थ एवं सशक्त प्रदेश’ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)