मेडिट्रीना समूह के सहयोग से संचालित होगा आधुनिक हार्ट सेंटर, अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से उपलब्ध होंगी विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं
फरीदाबाद | हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में (बी.के.)डिस्ट्रिक्ट सिविल हॉस्पिटल, फरीदाबाद में अत्याधुनिक हार्ट सेंटर का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह सेंटर केवल एक नई चिकित्सा सुविधा नहीं बल्कि क्षेत्र के लाखों नागरिकों को समय पर और बेहतर हृदय उपचार उपलब्ध कराने की मजबूत व्यवस्था है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य, विशेषकर हृदय के स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं। कामकाज और जिम्मेदारियों के बीच कई बार लोग नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली को प्राथमिकता नहीं दे पाते, जिसके कारण हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित हार्ट सेंटरों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक हो जाती है।
उन्होंने कहा कि इस हार्ट सेंटर का संचालन प्रतिष्ठित मेडिट्रीना समूह के सहयोग से किया जाएगा, जो उन्नत हृदय उपचार सेवाओं और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के लिए जाना जाता है। इस सहयोग से फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उच्च स्तरीय हृदय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे मरीजों को अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह सेंटर केवल एक सामान्य हृदय चिकित्सा इकाई नहीं है, बल्कि इसे हृदय विज्ञान के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां अत्याधुनिक कैथ लैब, आधुनिक कार्डियक केयर यूनिट्स और 24 घंटे निगरानी प्रणाली जैसी उन्नत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो गंभीर मरीजों को त्वरित और सटीक उपचार प्रदान करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों के मामलों में आपात स्थिति के दौरान मिलने वाला स्वर्णिम समय (गोल्डन आवर) जीवन बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है और यह सेंटर ऐसी परिस्थितियों में प्रभावी चिकित्सा सहायता प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि इस सेंटर से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों की अनुभवी टीम इसकी सबसे बड़ी ताकत होगी। विशेष रूप से प्रख्यात इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रताप कुमार, जिनके पास 27 वर्षों का अनुभव है और जिन्होंने हजारों सफल एंजियोप्लास्टी तथा जटिल हृदय प्रक्रियाएं की हैं, उनका मार्गदर्शन इस चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा।
विपुल गोयल ने बताया कि इस हार्ट सेंटर में कई अत्याधुनिक उपचार प्रक्रियाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें जीरो कॉन्ट्रास्ट एंजियोप्लास्टी, क्रॉनिक टोटल ऑक्लूजन प्रबंधन, रोटाब्लेटर एथेरेक्टॉमी, ट्रांसकैथेटर वाल्व प्रत्यारोपण (टीएवीआई / टीएवीआर), पेसमेकर और आईसीडी प्रत्यारोपण जैसी उन्नत तकनीकें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मरीजों की जांच और निगरानी के लिए नॉन-इनवेसिव कार्डियोलॉजी, स्ट्रेस इकोकार्डियोग्राफी, होल्टर मॉनिटरिंग और ट्रेडमिल परीक्षण जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वास्थ्य केवल अस्पतालों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और नियमित व्यायाम, संतुलित आहार तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया फिट इंडिया अभियान स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। यदि लोग अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करें, जैसे प्रतिदिन कुछ समय व्यायाम के लिए निकालना, नमक और चीनी का सीमित सेवन करना और नियमित स्वास्थ्य जांच कराना, तो अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों के लिए यह हार्ट सेंटर एक बड़ी राहत सिद्ध होगा। यह सेंटर न केवल उन्नत उपचार उपलब्ध कराएगा, बल्कि मरीजों और उनके परिवारों को भरोसा और सुरक्षा का भाव भी देगा।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। चिकित्सक केवल उपचार नहीं करते, बल्कि अनेक परिवारों की उम्मीदों और जीवन को सुरक्षित रखने का कार्य करते हैं।
अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बी.के. हार्ट सेंटर का शुभारंभ एक नई उम्मीद, नई सुरक्षा और समाज के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वस्थ रहने का संकल्प लें और दूसरों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

