– जिला उपायुक्त ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनका कुशल मंगल जाना तथा समस्याएं सुनी
फरीदाबाद, 8 दिसंबर। जिले में चल रही चिकित्सकों की हड़ताल के बीच आज फरीदाबाद जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बी.के. सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक, मातृत्व एवं शिशु वार्ड, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण केंद्र और प्रयोगशाला सहित विभिन्न विभागों का विस्तृत जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर सेवाओं की उपलब्धता, प्रतीक्षा समय, सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा उपचार की गुणवत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकांश मरीजों ने बताया कि हड़ताल के बावजूद अस्पताल में व्यवस्थाएँ सामान्य रूप से चल रही हैं और उन्हें उपचार, दवाइयाँ तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध हो रही हैं।
उपायुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी परिस्थिति में सामान्य जनमानस को चिकित्सा सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी महसूस न हो। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों के लिए सभी आवश्यक सेवाएँ निर्बाध रूप से जारी रहें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में लाइटिंग, सुरक्षा, साफ–सफाई, पार्किंग, मार्ग व्यवस्था तथा भवन की आवश्यक मरम्मत से संबंधित कमियों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बेहतर किया जाए। उन्होंने दवा वितरण केंद्र पर दवाइयों की उपलब्धता की भी जांच की तथा जन औषधि केंद्र में स्टॉक अद्यतन रखने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और चिकित्सा सुविधाओं की निगरानी लगातार की जा रही है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन अतिरिक्त चिकित्सा स्टाफ की वैकल्पिक तैनाती सुनिश्चित करेगा ताकि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलता रहे।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक मरीज को सुरक्षित, त्वरित और व्यवस्थित चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हों तथा मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना जाए और उनका समाधान तत्काल किया जाए।
उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), अस्पताल प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

