विश्व रंगमंच दिवस पर तीन दिवसीय रंग उत्सव शुरू, मेयर ने मासिक आयोजन की रूपरेखा बनाने की घोषणा

फरीदाबाद, 27 मार्च।
विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर फरीदाबाद नगर निगम द्वारा फोर्थ वॉल प्रोडक्शंस के सहयोग से आयोजित सातवें फरीदाबाद थियेटर फेस्टिवल का शुभारंभ मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और एमसीएफ कमिश्नर धीरेन्द्र खड़गटा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मेयर ने शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में हर महीने इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई जाएगी।

तीन दिवसीय रंग उत्सव के पहले दिन साक्षी सुनील के निर्देशन में नाटक ‘चिट्ठी’ का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावनाओं से जोड़ते हुए गहराई तक प्रभावित किया। यह नाटक आधुनिक समाज में पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी, संवादहीनता और ‘लोग क्या कहेंगे’ जैसी सोच को संवेदनशील तरीके से उजागर करता है।

कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां पिता साहिल, मां रश्मि, बेटा ऋतिक, बेटी आयशा और दादा के बीच बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल के बढ़ते प्रभाव और भविष्य को लेकर अक्सर मतभेद होते रहते हैं। इसी बीच एक दिन घर में मिली एक चिट्ठी से परिवार में हड़कंप मच जाता है, जिसमें आयशा के घर छोड़ने की बात लिखी होती है।

घटना के बाद परिवार के भीतर छिपे डर, अहंकार और रिश्तों की परतें खुलने लगती हैं। कहानी में भावनात्मक मोड़ तब आता है जब पता चलता है कि वह चिट्ठी आयशा की नहीं, बल्कि वर्षों पहले मां रश्मि द्वारा लिखी गई थी, जिसे वह कभी अपने पिता को दे नहीं पाई। इस सच के सामने आने पर परिवार को एहसास होता है कि संवाद और विश्वास की कमी ही रिश्तों में दूरी पैदा करती है।

नाटक ने अंत में यह संदेश दिया कि पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए संवाद और समझ बेहद जरूरी हैं।

फेस्टिवल के दूसरे दिन दीपक पुष्पदीप के निर्देशन में ‘टैक्स फ्री’ तथा समापन दिवस पर अंकुश शर्मा के निर्देशन में ‘टेम्परेरी तुम परमानेन्ट हम’ का मंचन किया जाएगा। उत्सव के निदेशक चंदरकांत ने इसे नगर निगम की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर नगर निगम की ओर से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम में एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल सहित नगर निगम के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)