फरीदाबाद, 4 अप्रैल |
फरीदाबाद की धरती पर आयोजित “विकसित फरीदाबाद धन्यवाद रैली” शनिवार को जनविश्वास, विकास और मजबूत नेतृत्व का विराट प्रदर्शन बनकर उभरी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में भारी जनसैलाब उमड़ा, जिसने यह स्पष्ट संकेत दिया कि फरीदाबाद अब नए भारत की उभरती पहचान बनता जा रहा है।
रैली में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता द्वारा विकास के प्रति आभार और विश्वास की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने फरीदाबाद की ऐतिहासिक और औद्योगिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर अब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता और सुव्यवस्थित विकास के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मंत्री गोयल ने हरियाणा सरकार के 2.23 लाख करोड़ रुपये के बजट को प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप बताते हुए कहा कि इसमें फरीदाबाद को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि नहर पार क्षेत्र में 260 किलोमीटर मास्टर सड़कों का निर्माण, 100 किलोमीटर सड़कों का स्मार्ट अपग्रेड, जिला अस्पताल को 400 बेड तक विस्तार और 8000 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स जैसे प्रोजेक्ट सीधे आम जनता को लाभ पहुंचाएंगे।
इसके अलावा 25 मेगावाट वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, नया फायर स्टेशन और 1550 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट शहर के विकास को नई गति देंगे। यह कॉरिडोर ग्रेटर फरीदाबाद को गुरुग्राम से जोड़कर व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देगा।
कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने दिल्ली मेट्रो, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आरआरटीएस कॉरिडोर को फरीदाबाद के विकास का प्रमुख आधार बताया।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद हरियाणा का एक प्रमुख औद्योगिक और सांस्कृतिक केंद्र है, जिसे सरकार देश के सबसे स्वच्छ और विकसित शहरों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंत्री विपुल गोयल द्वारा रखे गए सभी सुझावों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गंगा जल आपूर्ति, स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल के निर्माण और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में की गई घोषणाओं में से अधिकांश पूरी हो चुकी हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता शुभंकर और हेल्थ कॉमिक का अनावरण किया गया। साथ ही रोजगार मेले के माध्यम से 1331 युवाओं को रोजगार देने की पहल भी सराहनीय रही।
अपने संबोधन के अंत में मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबादवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह रैली जनता और नेतृत्व के बीच मजबूत विश्वास का प्रतीक है।
रैली में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, मंत्री राजेश नागर, गौरव गौतम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

