एलपीजी-पीएनजी सप्लाई सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील
फरीदाबाद, 26 मार्च। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने गुरुवार को फरीदाबाद में प्रशासनिक अधिकारियों, तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ एलपीजी, पीएनजी तथा पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक का आयोजन सेक्टर-12 स्थित कार्यालय में किया गया, जिसमें उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जिले में एलपीजी गैस, पीएनजी सप्लाई और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पर विस्तृत प्रस्तुति दी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों तथा गैस एजेंसियों के संचालकों ने भी आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी साझा की।
मंत्री राजेश नागर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है तथा सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अफवाहें फैलाकर अनावश्यक दहशत का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
सरकार की सख्ती का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में अब तक 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और इस तरह की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
बैठक में कमर्शियल गैस के कोटे को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से विचार किया गया। मंत्री ने कहा कि इस कदम से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और बाजार में गैस की उपलब्धता और बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन, तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर डीसीपी जयवीर राठी, सीटीएम अंकित कुमार, डीएफएससी कविता सिंह, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पेट्रोल पंप यूनियन के प्रतिनिधि और गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।

