चंडीगढ़, 26 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि असली दौलत गुरु के चरणों में और ‘नाम’ की कमाई में है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सच्ची शांति केवल गुरु के सानिध्य में ही मिल सकती है।

मुख्यमंत्री वीरवार को पंजाब के लुधियाना स्थित गुरुद्वारा नानकसर साहिब में आयोजित समागम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बाबा घाला सिंह जी, अनेक संत-महापुरुष तथा देश-विदेश से आई साध संगत उपस्थित रही।

मुख्यमंत्री ने संगत को दुर्गाष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नानकसर साहिब एक पावन स्थल है, जिसकी नींव बाबा नंद सिंह जी महाराज ने अपने कठोर तप से रखी थी। उन्होंने भक्ति की जो ज्योति प्रज्ज्वलित की, वह आज करोड़ों लोगों के जीवन को आलोकित कर रही है।

उन्होंने कहा कि बाबा ईशर सिंह जी महाराज ने भी यहां सात वर्षों तक एकांतवास में सिमरन कर इस धाम की आध्यात्मिक शक्ति को और प्रबल किया। यह महापुरुषों की तपस्या का ही फल है कि यहां आते ही मन को अद्भुत शांति का अनुभव होता है।

मुख्यमंत्री ने बाबा ईशर सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर बधाई देते हुए समाज में प्रेम, सेवा और सिमरन के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने बाबा नारायण सिंह जी के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका समर्पण और सेवा भाव सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने गुरु की आज्ञा का पालन करते हुए वर्षों तक निःस्वार्थ सेवा की।

सैनी ने कहा कि नानकसर साहिब का निर्माण बिना किसी लिखित नक्शे के केवल गुरु के आदेश और श्रद्धा के बल पर हुआ, जो आस्था और विश्वास की अद्भुत मिसाल है।

उन्होंने यहां की लंगर व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि संगत द्वारा अपने घरों से लंगर बनाकर लाना ‘सांझीवालता’ की सच्ची भावना को दर्शाता है, जहां अमीर-गरीब का भेद समाप्त हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए ‘संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना’ चला रही है। इसके तहत गुरु नानक देव जी, गुरु तेग बहादुर जी और गुरु गोबिंद सिंह जी सहित अनेक संतों की जयंती राज्य स्तर पर मनाई जाती है।

उन्होंने जानकारी दी कि नवंबर 2025 में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर पूरे प्रदेश में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही, ज्योतिसर (कुरुक्षेत्र) में आयोजित राज्य स्तरीय समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भाग लेकर विशेष स्मारक सिक्के, डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 1984 के दंगों से प्रभावित 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को नौकरी देने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, पंचकूला में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं प्रभावित परिवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में कलेसर (यमुनानगर) में वन विकसित किया जा रहा है तथा विभिन्न संस्थानों और सड़कों का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। इसके अलावा, तीर्थ यात्रियों के लिए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु साहिबानों की शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सरदार बाबा जोगा सिंह, भाजपा जिला प्रधान डॉ. राजेंद्र शर्मा, बाबा हरविंदर सिंह नानकसर, बाबा अर्जुन सिंह, बाबा मेहर सिंह, बाबा गुरचरण सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)