नशे में ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

फरीदाबाद, 5 मार्च। होली पर्व के मद्देनज़र फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। 2 मार्च से 4 मार्च तक चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 5361 चालान किए गए।

जारी किए गए चालानों में नशे की हालत में वाहन चलाने के 172, ट्रिपल राइडिंग के 163, गलत दिशा में वाहन चलाने के 270, बिना नंबर प्लेट व गलत पैटर्न नंबर प्लेट के 156 तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने के 2081 चालान शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई विशेष रूप से उन वाहन चालकों के खिलाफ की गई जो लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।

अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लोगों को होली के अवसर पर सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रसारित कर नागरिकों को जागरूक किया।

पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक जयवीर सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सुरक्षित ड्राइविंग और नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का लक्ष्य “दुर्घटना मुक्त फरीदाबाद” अभियान को सफल बनाना है, जिसके लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सूचना देने या किसी भी प्रकार की यातायात सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष (0129-2267201) या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (एक्स), फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी अपनी शिकायत या सूचना साझा कर सकते हैं तथा ट्रैफिक से संबंधित ताज़ा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *