फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए संसाधनों की नहीं है कोई कमी
गैस की कमी की अफवाहें निराधार, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
फरीदाबाद, 23 मार्च। फरीदाबाद के वार्ड नंबर-1 और वार्ड नंबर-5 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने लगभग 8 करोड़ 85 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की।
वार्ड नंबर-1 स्थित लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में विकसित अटल पार्क में करीब 5 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से किए गए कार्यों का उद्घाटन किया गया। इनमें बाउंड्री वॉल, फुटपाथ, कैनोपी, बेंच, ओपन थिएटर, रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन, सेल्फी प्वाइंट, धौलपुर छतरी, डेकोरेटिव लाइट्स और हाई मास्ट लाइट जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
वहीं वार्ड नंबर-5 में करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं में आरएमसी सड़कों का निर्माण, मार्गों का सुदृढ़ीकरण, डिवीजन-1 क्षेत्र में नालियों/गौरी ड्रेन का सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से स्थानीय निवासियों को बेहतर यातायात और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक और मजबूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 2700 करोड़ रुपये की लागत से हाई टेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने की योजना शुरू की जा रही है, जिसकी शुरुआत एनआईटी क्षेत्र से होगी। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और सड़कों के विस्तार में भी सुविधा मिलेगी।
पेयजल समस्या के समाधान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि एनआईटी क्षेत्र में लंबे समय से मीठे पानी की कमी रही है। इसे दूर करने के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना से पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना लागू की जा रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए मेट्रो विस्तार पर तेजी से काम चल रहा है। जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के साथ-साथ पलवल तक मेट्रो विस्तार की योजना भी तैयार है, जिसे वर्ष 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की यह परियोजना फरीदाबाद को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
रेलवे अवसंरचना के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पुराने रेलवे फाटकों को समाप्त कर उनकी जगह ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे यातायात जाम से राहत मिलेगी।
एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक गैस सिलेंडर स्टॉक न करें।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, पार्षद मुकेश डागर, जयवीर खटाना सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

