-हुड्डा चौक के जीर्णोद्धार कार्य का भी किया शुभारंभ, हरित एवं स्वच्छ पलवल का आह्वान
पलवल, 01 मार्च। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल के सेक्टर-2 स्थित हुड्डा चौक पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो न केवल पलवल बल्कि पूरा हरियाणा हरित एवं स्वच्छ बन सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से बढ़-चढक़र इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान श्री गौतम ने पलवल के सेक्टर-2 स्थित हुड्डा चौक स्थित भव्य प्रवेश द्वार के जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस कार्य से पलवल का प्रवेश द्वार और अधिक आकर्षक, सुसज्जित एवं गौरवशाली स्वरूप में विकसित होगा। यह पहल शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पलवल की पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, हरियाली और सुव्यवस्थित वातावरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश है। यदि हम सभी मिलकर इस दिशा में कार्य करें, तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने स्वच्छ पलवल, स्वच्छ हरियाणा और हरित भारत के संकल्प को साकार करने का प्रण लिया।

