-हथीन में आयोजित राम नवमी-ईद मिलन समारोह बना सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक
-सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं राम नवमी और ईद जैसे पर्व : राव नरबीर सिंह
-उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दी रामनवमी-ईद की शुभकामनाएं
हथीन (पलवल), 28 मार्च। पलवल जिला के उपमंडल हथीन के गोकुल भवन में शनिवार को रामनवमी-ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे का अनूठा उदाहरण बना। समारोह में हरियाणा सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीवन, विदेश सहयोग तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं की बड़ी संख्या ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि राव नरबीर सिंह ने सभी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वयं की तरफ से रामनवमी और ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। उन्होंने कहा कि राम नवमी और ईद जैसे पर्व हमें सौहार्द, प्रेम, और भाईचारे का संदेश देते हैं। ऐसे संयुक्त आयोजन समाज को मजबूत बनाते हैं और लोगों के बीच आपसी विश्वास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएं और भाईचारे की इस परंपरा को आगे बढ़ाएं।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक समरसता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हथीन क्षेत्र हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है और यहां के लोग हर परिस्थिति में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने सभी को ईद और राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें मिल-जुलकर क्षेत्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा प्रदेश को नायब सिंह सैनी के रूप में एक सामान्य परिवार से आने वाला मुख्यमंत्री मिला है, जो गरीबों के दुख-दर्द और तकलीफ को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है, जिसके कारण उन्हें समाज के हर वर्ग की समस्याओं का वास्तविक अनुभव है। यही कारण है कि वे आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वभाव अत्यंत सरल, सहज और मिलनसार है। उनके चेहरे पर कभी तनाव या शिकन देखने को नहीं मिलती, जो उनके सकारात्मक और संतुलित व्यक्तित्व को दर्शाता है। वे हर परिस्थिति में शांत रहकर निर्णय लेते हैं और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और प्रदेश में पारदर्शिता, सुशासन और विकास को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, असलम चेयरमैन हथीन, राकेश गर्ग नपा वाइस चेयरमैन, तारीफ सरपंच उटावड, जान मोहम्मद सरपंच रूपडाका, इकबाल सरपंच पहाडपुर, मंगल सिंह, सुक्की एडवोकेट, धीरज उपाध्याय पार्षद हथीन, ब्लॉक समिति पार्षद, अनीस सरपंच झाण्डा, अख्तर पूर्व सरपंच, नकुल राघव, मोनू सबरजीत हथीन, करतार मढनाका, संदीप पूर्व सरपंच कौंडल, तुल्ला सरपंच मढनाका, अतरु सरपंच धीरनकी, शहीद सरपंच लखनाका, सरपंच वीर बाल्मीकि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

