बाटा पुल के नीचे पेड़ पार्किंग और हरियाली स्थापित करने हेतु प्लान तैयार करने के दिए आदेश

 

फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने आज वार्ड नंबर-14 का दौरा कर क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे के साथ यामाहा कंपनी से होते हुए बाटा फ्लाईओवर, रामनगर और मिलहाड कॉलोनी तक का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त (कमिश्नर)धीरेंद्र खड़गटा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में जहां-जहां अतिक्रमण किया गया है, उसे तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। इसके साथ लगती एंक्रोचमेंट को हटाने के आदेश दिए गए, ताकि सड़क मार्ग सुचारू और व्यवस्थित बनाया जा सके।

इसके साथ ही निगम आयुक्त ने बाटा फ्लाईओवर के नीचे वाले क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट अथवा पेड़ पार्किंग के रूप में विकसित करने के लिए भी अधिकारियों को प्लान और इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस स्थान को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पेड़ लगाने और पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने की योजना भी तैयार की जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में हरियाली के लिए ग्रीन बेल्ट को पेड़ पौधों से भरा जाए। ताकि शहर सुंदर बन सके और पर्यावरण भी साफ रह सके।
इस मौके पर उनके साथ ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार,एसडीओ सुरेंद्र खट्टर सहित अन्य अधिकारी के अलावा पार्षद नरेश नंबरदार के प्रतिनिधि रामू कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *