आरडब्लूए न होने से रुके जनहित के कार्य
फरीदाबाद, मार्च। सहकारिता विभाग के नियमों को ताक पर रखकर प्रशासन लोगों का जीना दूभर कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि सहायक रजिस्ट्रार (एआर) चुनाव तक नहीं होने दे रहे। जिससे सोसायटी में आरडब्लूए न होने से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ता है। इन दिनों सैनिक विहार सोसायटी सेक्टर 88 फरीदाबाद के निवासी कुछ इसी समस्या से जूझ रहे हैं।
एआर प्रवीण कादयान की कार्यशैली पर सबसे गंभीर सवाल चुनाव न कराने को लेकर उठ रहे हैं। नियम कहते हैं कि सोसायटी का संचालन जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों को करना चाहिए, लेकिन एआर ने बड़ी ही चतुराई से चुनाव की फाइल दबा दी है और मनमाने ढंग से अपनी पसंद के 7 लोगों की एक तथाकथित कमेटी थोप दी।
जबकी सोसायटी के अधिकांश लोग चुनाव के जरिए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्लूए) चाहते हैं। एआर से जब भी चुनाव कराने के लिए कहा जाता है तो उनका जवाब होता है कि उन सात लोगों की कमेटी ही आरडब्लूए है। जबकी सोसायटी के किसी भी निवासी को यह नहीं पता कि ये 7 लोग कौन हैं ?
सोसायटी के निवासी मनोज शर्मा का कहना है कि सहायक रजिस्ट्रार (एआर) उनकी सोसायटी को अपनी गुप्त कमेटी के माध्यम से खुद चला रहे हैं। हमें सोसायटी के निवासियों द्वारा चुनी हुई आरडब्लूए चाहिए न की थोपी गई कमेटी।
उल्लेखनीय है कि सोसायटी में आरडब्लूए न होने की वजह से निवासियों को कई कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिससे निवासियों के हित से जुड़े काम रुके हुए हैं।

