फोर्टीफाइड राइस कर्नेल की सप्लाई को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा, समयबद्ध आपूर्ति के निर्देश
फरीदाबाद/चंडीगढ़। हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने प्रदेश में फोर्टीफाइड राइस कर्नेल (एफआरके) की सप्लाई में आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चंडीगढ़ स्थित Haryana Civil Secretariat में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सप्लायर और राइस मिलर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोषणयुक्त चावल की आपूर्ति में जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से देरी हो रही है, उन्हें तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी पात्र लाभार्थियों तक फोर्टीफाइड चावल की आपूर्ति समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर बाधा उत्पन्न न हो।
राजेश नागर ने कहा कि नायब सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और प्रत्येक पात्र परिवार तक पोषण सुरक्षा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राइस मिलर्स से भी पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि पोषण युक्त अनाज की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
मंत्री ने चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी, कर्मचारी, राइस मिलर या सप्लायर इस कार्य में लापरवाही या ढिलाई बरतेगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की नीति को धरातल पर लागू करने के लिए प्रदेश में पोषण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है और सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।

