-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किठवाड़ी वार्ड नंबर-3 में होली मिलन समारोह में की शिरकत
-ग्रामीणों की समस्याओं पर शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन, भाईचारे और विकास का दिया संदेश
-कहा, क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता, सरकार गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
पलवल, 01 मार्च। नगर परिषद पलवल के वार्ड नंबर-3 स्थित किठवाड़ी में रविवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिसमें हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन ओमी दलाल द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सरकार गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि होली सनातन संस्कृति का एक महत्वपूर्ण और पावन पर्व है, वार्ड नंबर-3 में पूरे इलाके की सरदारी को एक मंच पर एकत्रित कर होली मिलन समारोह का आयोजन करना ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने का संदेश देता है। रंगों का यह पर्व सामाजिक समरसता और सद्भाव की मिसाल प्रस्तुत करता है। यह आयोजन क्षेत्र में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक बनेगा। उन्होंने सभी को होली का पर्व पूरे आनंद और उत्साह के साथ मनाने की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि क्षेत्र इसी प्रकार एकजुट होकर आगे बढ़ता रहे।
उन्होंने पलवल के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि चाहे स्टेडियम का निर्माण हो, आधारभूत ढांचे का विस्तार हो या शहर की सुंदरता बढ़ाने के कार्य हों, सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार द्वारा पिछले दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को इसका परिणाम अवश्य दिखाई देगा।
समारोह के दौरान समाजसेवी मनोज रावत, हरेंद्र पाल राणा, जयराम प्रजापति, महीपाल दलाल, पार्षद दीपचंद, सुमेर सिंह, इंद्रपाल शर्मा, दिनेश कौशिक, दीपन देसवाल, गौतम तेवतिया, सरपंच भगवत सहित ईश्वर नगर, छज्जू नगर, सिहोल, किठवाड़ी, नया गांव, पेलक, अलावलपुर, ताराका एवं चिरवाड़ी गांव के प्रतिनिधियों और सरदारी ने खेल राज्य मंत्री का पगड़ी बांधकर एवं फूलमालाएं पहनाकर पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्सव और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर ग्रामीणों की ओर से खेल राज्य मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें खेतों के रास्तों को पक्का करवाने, स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था कराने तथा चौपाल, करीब एक करोड़ रुपए से शमशानघाट तथा 40 लाख रुपए से वार्ड नंबर-3 की गलियों के निर्माण कार्य करवाने सहित अन्य विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने की मांग की गई। श्री गौतम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्रीय विकास और जनसंवाद का भी सशक्त मंच सिद्ध हुआ।

