फरीदाबाद, 26 फरवरी। हरियाणा सरकार की जनहितकारी पहल ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अमित कुमार ने की।

एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि शिविर में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्यों को जोड़ने से जुड़ी प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस, बिजली विभाग तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नक्शा पास, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा आपराधिक शिकायतों सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

एसडीएम ने आमजन से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या शासकीय समस्या हो तो वे निःसंकोच शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। जिला प्रशासन प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जन समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की बढ़ती भागीदारी सरकार और प्रशासन के प्रति उनके विश्वास को दर्शाती है। इस अवसर पर सीटीएम अंकित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह, एसीपी राजीव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *