चंडीगढ़ कूच से पहले कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल व प्रियंका अग्रवाल नजरबंद

फरीदाबाद। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत चंडीगढ़ में प्रस्तावित हरियाणा विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पहले बल्लभगढ़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव प्रियंका अग्रवाल को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। मंगलवार शाम से ही उनके सेक्टर-02, बल्लभगढ़ स्थित निवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, जबकि बुधवार तड़के करीब पांच बजे दोनों नेताओं को औपचारिक रूप से हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

इस दौरान उनके आवास पर किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगा दी गई, जिससे आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

नजरबंदी पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा कि वे जननायक राहुल गांधी और हरियाणा की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा के सिपाही हैं और इस पुलिसिया दमन से न डरेंगे, न झुकेंगे और न रुकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार लोकतांत्रिक विरोध से घबराई हुई है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है।

मनोज अग्रवाल ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन इतनी ही तत्परता बल्लभगढ़ क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर दिखाए तो इलाके की स्थिति सुधर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कमजोर कानून व्यवस्था के कारण क्षेत्र अपराधियों की शरणस्थली बनता जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सड़कों पर रोक लगा सकती है, लेकिन जनता की आवाज नहीं दबा सकती। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आम जनता की आवाज उठाती रहेगी। मनरेगा आम आदमी की आवश्यकता है और किसी भी जनविरोधी नीति का कांग्रेस डटकर विरोध करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *