ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण में एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य
फरीदाबाद/चंडीगढ़, 27 मार्च। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि एक ओर जहां प्रदेश के युवाओं के लिए 28 मार्च को मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण के तहत एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विपुल गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार 28 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के शकुंतलम हॉल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के सहयोग से मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा। इस जॉब फेयर में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को उनकी योग्यता व कौशल के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है। इसके माध्यम से युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे रोजगार तक पहुंच आसान बनेगी। लंबे समय से योग्य युवाओं और कंपनियों के बीच मौजूद दूरी को यह मंच समाप्त करेगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है और ‘परची-खर्ची’ जैसी पुरानी व्यवस्थाओं को समाप्त कर योग्यता आधारित प्रणाली लागू की गई है। सरकार इसी पारदर्शिता को निजी क्षेत्र में भी बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि हो रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर लगातार सृजित हो रहे हैं। यह जॉब फेयर उसी सकारात्मक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवा सशक्तिकरण के विजन से प्रेरित है।
विपुल गोयल ने ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण की जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में करीब 50 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं और अब दूसरे चरण में अतिरिक्त 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कुल संख्या एक लाख तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने पानीपत के नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल सुनिश्चित करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके।
अंत में उन्होंने मीडिया से भी आग्रह किया कि मेगा जॉब फेयर और ग्रीन पानीपत मिशन जैसी पहलों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

