– 01 मई से हरियाणा में शुरू होगा जनगणना 2027 का हाउस लिस्टिंग कार्य
– जनगणना का नागरिकता से नहीं कोई संबंध, भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
फरीदाबाद, 30 अप्रैल (संवाददाता)। आगामी जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। निदेशक जनगणना, हरियाणा, गृह मंत्रालय, डॉ. ललित जैन ने बताया कि 1 मई से राज्यभर में हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना संचालन का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
डॉ. जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर नीतियों का निर्माण होता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि 1 मई 2026 से जिले में हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना कार्य शुरू होगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रगणकों (एन्यूमरेटर्स) और पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर्स) का सहयोग करें तथा सही व अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना का उद्देश्य केवल जनसंख्या का आकलन करना है और इसका नागरिकता या व्यक्तिगत प्रोफाइलिंग से कोई संबंध नहीं है।
डीसी ने चार्ज अधिकारियों, एसडीएम एवं जिला सांख्यिकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। इसके लिए जिला एवं चार्ज स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर फील्ड स्टाफ के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा गया है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। प्रत्येक प्रगणक को निर्धारित समय में अपने क्षेत्र के लगभग 200 घरों का सर्वे पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी दैनिक प्रगति की निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में प्रगणक, पर्यवेक्षक या नागरिक अपने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिस पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
हीट वेव को देखते हुए डीसी ने निर्देश दिए कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारी सुबह या शाम के समय ही सर्वे कार्य करें और स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अफवाहों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें और केवल सरकारी स्रोतों पर ही विश्वास करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य की सफलता आमजन के सहयोग पर निर्भर करती है और सभी के सहभाग से यह कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जाएगा।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, डीआरओ विकास, जिला जनगणना समन्वय अधिकारी प्रशांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

