फरीदाबाद। लोधी राजपूत जन कल्याण समिति (रजि.) फरीदाबाद द्वारा झण्डा सत्याग्रह आन्दोलन के महानायक एवं क्रांतिकारी अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की 124वीं जयंती के अवसर पर समिति कार्यालय, डबुआ कॉलोनी, सेक्टर-50 में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर महान क्रांतिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश चन्द्र पाठक, भुवनेश्वर शर्मा, सचिन तंवर, लाखन सिंह लोधी, रूप सिंह लोधी, धर्मपाल सिंह लोधी एवं शीशपाल शास्त्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
समिति के संस्थापक एवं महासचिव लाखन सिंह लोधी ने अपने संबोधन में बताया कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का जन्म 03 मई 1903 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी ग्राम चंद्रिका खेड़ा में एक कृषक परिवार में हुआ था। उस समय देश ब्रिटिश शासन के अधीन था और स्वतंत्रता के लिए देशभर में संघर्ष चल रहा था।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 1935 को क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश शासन के विरोध में उनके मुख्यालयों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। इसी क्रम में लखनऊ के अमीनाबाद पार्क में तिरंगा फहराने का प्रयास किया गया, जहां भारी संख्या में क्रांतिकारी पहुंचे। ब्रिटिश सैनिकों द्वारा रोकने के बावजूद गुलाब सिंह लोधी साहसपूर्वक एक पेड़ पर चढ़ गए और अपने साथ छिपाकर लाए तिरंगे को लकड़ी (पैना) के सहारे फहराते हुए “भारत माता की जय”, “वन्दे मातरम्” और “महात्मा गांधी की जय” के नारे लगाए।
उनकी इस वीरता से घबराकर ब्रिटिश अधिकारियों ने गोली चलाने का आदेश दिया, जिसके बाद सैनिकों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोलियां लगने के बावजूद वे तिरंगा फहराते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनके इस अदम्य साहस और बलिदान के कारण अमीनाबाद पार्क आज भी “झण्डे वाला पार्क” के नाम से प्रसिद्ध है और बाद में उनका नाम देकर इसे अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी पार्क कहा जाने लगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और पुष्प अर्पित कर कोटिशः नमन किया।
इस अवसर पर देव सिंह लोधी, महावीर सिंह लोधी, संजीव लोधी, ऐबरन सिंह परमार, कंचन सिंह लोधी, मुकेश कुमार लोधी, मानसिंह लोधी राजपूत, राजेश राजपूत, अजय राजपूत, नरेश कुमार, वीरेन्द्र सिंह, चन्द्रेश कुमार, रमेश चन्द्र, दिनेश कुमार लोधी, रमेश कुमार, हरिशंकर लोधी, जितेन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

