फरीदाबाद,  मई।  युवाओं और किशोरों को तंबाकू एवं नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से एबीएसएस फीमेल विंग फरीदाबाद और इनर व्हील क्लब ऑफ फरीदाबाद सेंट्रल की ओर से सेक्टर-14 स्थित सखी संघ एनजीओ स्कूल में एक प्रभावशाली तंबाकू विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया तथा तंबाकू छोड़ो, जिंदगी से नाता जोड़ो का संदेश पूरे उत्साह के साथ दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एबीएसएस फीमेल विंग फरीदाबाद की प्रेसिडेंट एवं क्विट क्यूक संस्था की संस्थापक डॉ. प्रियंका के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने बच्चों को सरल और प्रभावशाली शब्दों में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज देश में तेजी से बढ़ रहे मुंह के कैंसर के मामलों का मुख्य कारण तंबाकू का सेवन है और यदि समय रहते युवा पीढ़ी को जागरूक नहीं किया गया तो यह एक गंभीर सामाजिक समस्या बन सकती है।
डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुडऩे तथा नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि जीवन अमूल्य है और इसे तंबाकू जैसी घातक आदतों में बर्बाद नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नो टू टेबको विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज का संदेश देते हुए आकर्षक पेंटिंग बनाई। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई नो टेबको ह्यूमन फॉर्मेशन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
इसके बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ से नो टू टेबको, यस टू लाइफ तथा तंबाकू छोड़ो, जिंदगी से नाता जोड़ो जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों के हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और पोस्टर भी थे, जिन्होंने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
इस अवसर पर रेनू ठक्कर एवं मिस बरार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं कुसुम मेहता, अनामिका बंसल, डा. वंदना सेठ और मनप्रीत कौर ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने बच्चों और अभिभावकों के बीच स्वस्थ, जागरूक और तंबाकू मुक्त जीवन का मजबूत संदेश पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)