21 लोगों की मौत से दहली राजधानी, कई होटलों को नोटिस जारी
नई दिल्ली, 4 जून। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए क्षेत्र के होटलों और गेस्ट हाउसों की व्यापक जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर एक अन्य होटल को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं तथा वहां ठहरे लोगों को तत्काल होटल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व विभाग के अधिकारी मोहम्मद शमीम ने बताया कि एसडीएम मालवीय नगर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी होटलों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि संबंधित प्रतिष्ठानों में किसी प्रकार की अवैध या नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियां तो नहीं संचालित की जा रही हैं। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।
इस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि ऐसे हादसे अत्यंत पीड़ादायक हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं, फिर भी ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन के निर्देश देने की बात कही।
वहीं शाहदरा दक्षिण जोन के चेयरमैन एवं नगर पार्षद रामकिशोर शर्मा ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी होटलों, ओयो प्रॉपर्टीज और गेस्ट हाउसों को लाइसेंस जारी करने से पहले उनकी गहन जांच और सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य किया जाना चाहिए।
अग्निकांड के प्रभाव से आसपास के होटल व्यवसाय भी प्रभावित हुए हैं। नेपाल से इलाज कराने दिल्ली आए एक नेपाली नागरिक ने बताया कि वह मैक्स अस्पताल में उपचार के लिए आया था और घटना स्थल के निकट स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। प्रशासनिक कार्रवाई के चलते आसपास के कई होटलों को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण उसे वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।
राजधानी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर होटल एवं व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा जारी जांच अभियान के परिणामों पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

