– विकसित भारत के संकल्प के साथ 15 जून को होगा जिला स्तरीय सम्मेलन
– विशेष जनसंपर्क अभियान की तैयारियों की प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने की समीक्षा
फरीदाबाद, 10 जून। हरियाणा सरकार में प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्र एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिले में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क, जनकल्याण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंवादों, प्रदर्शनी, किसान सम्मेलनों, जनकल्याण शिविरों तथा स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों के साथ 20 जून तक होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरान्त उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि 12 जून को प्रेस वार्ता आयोजित होगी, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इसके साथ ही सांसदों एवं विधायकों को उनके लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क गतिविधियों में भागीदारी के लिए सूचित किया जाएगा, जिससे आमजन तक सरकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंच सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 13 जून को जिले में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है ताकि आगामी कार्यक्रमों जैसे जिला स्तरीय सम्मेलन, प्रदर्शनी, जनसंवाद एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन भी एक ही परिसर में सुगमता से किया जा सके। इससे प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा तथा आमजन की सहभागिता भी बढ़ेगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के माध्यम से सफाई गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। नालों, जल निकासी मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक गतिविधि का फोटोग्राफिक एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। 15 जून को जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर विकसित भारत निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि 16 जून से 18 जून तक जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे तथा नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं पंजीकरण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 से 18 जून तक जिला मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण, भाषण तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा 20 जून तक ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण तथा बागवानी विकास से संबंधित जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। कृषि विभाग, बागवानी विभाग तथा संबंधित संस्थानों के सहयोग से प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कृषि उन्नयन कार्यक्रमों के संबंध में प्राप्त निर्देशों के अनुसार आवश्यक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 16 जून से 20 जून के बीच रोजगार मेले एवं कौशल विकास संबंधी कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर समयबद्ध तरीके से गतिविधियों का संचालन करें। कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग के लिए समन्वय तंत्र स्थापित किया गया है तथा सभी नोडल विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा विकसित, स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

