9 जुलाई से शुरू होंगी कंपार्टमेंट, अंक सुधार व अतिरिक्त विषयों की परीक्षाएं

चंडीगढ़,  जुलाई । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी) ने जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषयों की परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र जारी कर दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि परीक्षार्थी 2 जुलाई से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपने प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना पिछला अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता एवं माता का नाम दर्ज कर प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस बार दोनों परीक्षाओं में कुल 50,867 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

बोर्ड के अनुसार, सीनियर सेकेंडरी कंपार्टमेंट एवं अतिरिक्त विषय की एक दिवसीय परीक्षा 9 जुलाई को आयोजित होगी। इसमें 24,888 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 15,676 छात्र और 9,212 छात्राएं हैं। वहीं सेकेंडरी कंपार्टमेंट (E.I.O.P.), आंशिक अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषयों की परीक्षाएं 10 से 18 जुलाई तक संचालित होंगी। इनमें 25,979 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 16,269 छात्र तथा 9,710 छात्राएं शामिल हैं।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों का परिणाम यूएमसी पुनः अपील, पुनः जांच अथवा पुनर्मूल्यांकन के बाद अनुत्तीर्ण से कंपार्टमेंट में संशोधित हुआ है, वे बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे। वहीं, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है, वे 1,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ संबंधित विषय की परीक्षा शुरू होने से पहले बोर्ड कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन कर प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं। जिनका परिणाम पुनर्मूल्यांकन के बाद कंपार्टमेंट से उत्तीर्ण घोषित हुआ है, वे आंशिक अंक सुधार परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

उन्होंने परीक्षार्थियों से प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने के बाद उसमें अंकित सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की। किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर बोर्ड कार्यालय में संशोधन कराना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों का अनुक्रमांक किसी कारणवश रोका गया है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश-पत्र जारी करा सकते हैं।

दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए लेखक (स्क्राइब) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले आवश्यक दस्तावेज जमा कर अनुमति प्राप्त करनी होगी। केंद्र अधीक्षक को भी संबंधित दस्तावेज बोर्ड की निर्धारित ई-मेल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 आकार के कागज पर प्रिंट करने, आवेदन के समय अपलोड किया गया वही फोटो चिपकाने तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य, मुख्याध्यापक या राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश-पत्र और मूल पहचान-पत्र (आधार कार्ड अथवा अन्य वैध आईडी) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही प्रवेश-पत्र का लेमिनेशन न कराने की भी सलाह दी गई है, क्योंकि उस पर प्रत्येक परीक्षा दिवस के हस्ताक्षर किए जाएंगे।

बोर्ड ने परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में न लाने के निर्देश दिए हैं।

किसी भी प्रकार की समस्या आने पर परीक्षार्थी बोर्ड की हेल्पलाइन 01664-254309 अथवा सेकेंडरी शाखा की ई-मेल assec@bseh.org.in और सीनियर सेकेंडरी शाखा की ई-मेल assrs@bseh.org.in पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)