मंत्री राजेश नागर का दावा, अत्यंत पारदर्शी एवं सफल रही खरीफ फसलों की सरकारी खरीद
फरीदाबाद। हरियाणा में खरीफ सत्र 2026-27 के दौरान धान सहित सभी फसलों की सरकारी खरीद अत्यंत सुचारू, पारदर्शी और सफल रही है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने इस शानदार और सराहनीय खरीद प्रक्रिया का संपूर्ण श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और किसान-हितैषी नीतियों को दिया है।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि राज्य सरकार ने खरीफ सीजन शुरू होने से बहुत पहले ही जमीनी स्तर पर व्यापक और ठोस तैयारियां सुनिश्चित कर ली थीं। मंडियों में बारदाने की उपलब्धता से लेकर फसलों के त्वरित उठान और किसानों के बैंक खातों में समयबद्ध भुगतान तक, हर व्यवस्था को बेहद सुनियोजित तरीके से संपन्न किया गया।
इस सफलता के लिए उन्होंने प्रशासनिक अमले की भी सराहना की। नागर ने कहा कि हमारे प्रशासन ने दिन-रात एक कर मंडियों में ऐसी चाक-चौबंद व्यवस्था बनाई कि कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं रही। हमने पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों की हर छोटी-बड़ी सहूलियत का पूरा ध्यान रखा, जिससे अन्नदाताओं को मंडियों में अपनी उपज बेचने में किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। यही कारण रहा कि मंडियों में आने वाले हर दाने की खरीद हुई है और किसान का पैसा उसके एकाउंट में डीबीटी के माध्यम से पहुंचा है।
खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री ने प्रदेश भर के सभी किसानों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के विश्वास, अनुशासन और सहयोग के बिना यह विशाल अभियान इतना सफल नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार अपने इस संकल्प पर पूरी तरह अडिग है कि वह किसान की मेहनत का एक-एक दाना खरीदेगी और प्रदेश के अन्नदाता को आर्थिक रूप से सशक्त व समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

