नई दिल्ली/फरीदाबाद। फरीदाबाद के प्रख्यात उद्योगपति एवं अल्फा अभिराशी ग्रुप के निदेशक आशीष जैन और अभिषेक जैन ने नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान दोनों उद्योगपतियों ने लोकसभा अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा विभिन्न समसामयिक विषयों के साथ-साथ निर्यात (एक्सपोर्ट) क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान औद्योगिक विकास, सामाजिक सरोकारों तथा राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
आशीष जैन एवं अभिषेक जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करते आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से वर्तमान छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी कृष्णपाल गुर्जर हमेशा फरीदाबाद के उद्योगपतियों के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं तथा उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग करते हैं। इसके अलावा हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर भी समय-समय पर उद्योगपतियों से संवाद कर उनके हितों के लिए कार्य करते रहते हैं।
मुलाकात के अंत में आशीष जैन एवं अभिषेक जैन ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आत्मीय स्वागत, मार्गदर्शन एवं स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं श्री बिरला ने दोनों उद्योगपतियों के सामाजिक एवं औद्योगिक योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद प्रवास के दौरान अवसर मिलने पर वे उनके निवास पर भी अवश्य आएंगे।

