यमुनानगर, 24 जुलाई। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेशव्यापी नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गुलाबगढ़ (चुहड़पुर कलां), यमुनानगर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
यह अभियान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार (आईपीएस) के दिशा-निर्देश तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य कुंदन सिंह दिगारी ने की।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को भी कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
डॉ. वर्मा ने काव्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “नशा है नाश, करो विश्वास; नशा होता अच्छा तो माँ कहती—खा ले मेरे बच्चा।” उन्होंने कहा कि यदि नशा वास्तव में अच्छा होता तो माता-पिता स्वयं अपने बच्चों को इसके लिए प्रेरित करते, लेकिन वास्तविकता यह है कि नशा जीवन को विनाश की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि “नशा शौक से आरम्भ होता है और उसका अंत शोक पर होता है। शौक और शोक में केवल एक मात्रा का अंतर है।”
उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता से कार्य कर रही हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में नशा तस्कर युवाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके भविष्य से खिलवाड़ करते हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।
विद्यालय के प्राचार्य कुंदन सिंह दिगारी ने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने “नशामुक्त भारत” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का वचन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के 571 छात्र-छात्राओं, 39 शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न पौधों का पौधारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि नशे की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 या 9050891508 पर दें। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

