-उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में आयोजित हुई हाई लेवल बैठक, तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
-आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन करेगा व्यापक अभ्यास
-जिला के विभिन्न विभागों की समन्वय क्षमता की होगी परख


पलवल, 4 अगस्त। 
जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिले में सिविल डिफेंस सिस्टम को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बुधवार, 5 अगस्त को प्रात: 11 बजे पलवल स्थित डा. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, पलवल में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल के सफल संचालन एवं सभी विभागों के समन्वय को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में सोमवार को एक हाई लेवल बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य और किसी भी संभावित आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों की तत्परता और समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित की जा रही सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, समन्वय व्यवस्था तथा प्रतिक्रिया समय (रिस्पॉन्स टाइम) का व्यावहारिक परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को कम करना, बचाव एवं राहत कार्यों की दक्षता बढ़ाना तथा आम नागरिकों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करना है। यह पूरी तरह पूर्व निर्धारित अभ्यास है, जिसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की वास्तविक आपात स्थिति उत्पन्न करना नहीं, बल्कि संभावित परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों का मूल्यांकन करना है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल अभ्यास के दौरान युद्ध जैसी परिस्थितियों का यथार्थपरक प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें हवाई हमले की चेतावनी के रूप में सायरन बजाना, आवश्यकतानुसार ब्लैकआउट की प्रक्रिया, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास, घायलों के रेस्क्यू एवं प्राथमिक उपचार, अग्निशमन एवं राहत कार्य तथा विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की त्वरित सक्रियता का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे यह आकलन किया जाएगा कि किसी भी संकट की स्थिति में जिला प्रशासन और आमजन कितनी शीघ्रता एवं प्रभावशीलता से प्रतिक्रिया दे सकते हैं।
उपायुक्त डा. छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन प्रणाली, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इमरजेंसी एक्शन प्लान, इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान, संचार व्यवस्था, रेस्क्यू ऑपरेशन, चिकित्सा सहायता, फायर एवं आपदा प्रबंधन संसाधनों सहित सभी व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा निर्धारित समय से पूर्व अपनी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस, होम गाड्र्स, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत युवा वालंटियर्स, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित विभाग सक्रिय रूप से भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अभ्यास को सफल बनाने में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
यह रहे मौजूद :
बैठक में पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, सीटीएम प्रीति रावत, डीएसपी मनोज वर्मा, डीएसपी नरेंद्र खटाना, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, तहसीलदार पलवल दिनेश कुमार, जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)