फरीदाबाद | थाना सेक्टर-8 क्षेत्र में वर्ष 2025 के एक मामले में युवक व उसके भाई पर जानलेवा हमला करने तथा गाड़ी में तोड़फोड़ की गई थी। घटनाक्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-7 की टीम ने 2 और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान मोहित उर्फ टुन्ची व विकाश निवासी गांव बड़ौली, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता दर्शन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जून 2025 की रात वह अपने दोस्त के साथ अपनी गाड़ी में सेक्टर-7/10 मार्केट में घरेलू सामान लेने के लिए रुका था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल से उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। शिकायतकर्ता का भाई योगेंद्र मलिक भी अपने दोस्त अतुल के साथ वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। कुछ देर बाद ही 3-4 मोटरसाइकिलों और दो गाड़ियों में सवार करीब 8-9 युवक घटनास्थल पर पहुंचे और शिकायतकर्ता व उसके भाई पर घातक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया तथा ईंट-पत्थरों से थार गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। जिसकी शिकायत पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मोहित की मोटरसाइकिल शिकायतकर्ता दर्शन की गाड़ी से टकरा गई थी, जिसको लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान शिकायतकर्ता का भाई भी अपने साथी के साथ मौके पर पहुंच गया। मोहित ने अपने साथी विकास व अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया था। जिन्होंने शिकायतकर्ता व उसके भाई के साथ मारपीट की तथा उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित उर्फ टुन्ची व विकास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में दो आरोपित पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

