फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र के गांव नीमका में नगर निगम द्वारा निर्मित की जा रही चौपाल में घटिया सामग्री के उपयोग के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम द्वारा तय शर्तों एवं नियमों के अनुसार कार्य न किए जाने पर संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, वहीं चौपाल की छत (लेंटर) को तुड़वाने की कार्रवाई भी की गई है।

नगर निगम आयुक्त श्री धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन निगम के इंजीनियरिंग विंग द्वारा यह कार्रवाई की गई।

इस संबंध में निगम के अधीक्षण अभियंता श्री ओमवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव नीमका, ग्रेटर फरीदाबाद में बन रही चौपाल में ठेकेदार द्वारा बिना अधिकारियों की जानकारी के नियमों के विपरीत छत डाली गई थी। गुणवत्ता की जांच के दौरान निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

उन्होंने बताया कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने के चलते नगर निगम द्वारा चौपाल की छत को गिरा दिया गया है। अब चौपाल की छत सहित अन्य सभी कार्य नगर निगम के निर्धारित नियमों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही कराए जाएंगे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री के उपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *