dyudru

– डीसी ने की सीएम अनाउंसमेंट के विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

– बैठक के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं ,विकास योजनाओं व परियोजनाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर हुई चर्चा

फरीदाबाद, 06 मार्च।
जिले में विकास कार्यों को गति देने और उनकी वास्तविक स्थिति को पारदर्शी तरीके से जनता व सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में वन विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूएलबी, आरटीओ एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिक्षा विभाग ने सराय ख्वाजा, डबुआ, सारण, ओल्ड फरीदाबाद, पिपली खेड़ा और एनआईटी क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित स्कूलों की स्थिति से अवगत कराया तथा उनके निर्माण और जीर्णोद्धार संबंधी कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही फरीदाबाद के सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा डबुआ गांव क्षेत्र में स्कूल भवन से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने पल्ला सेहतपुर व खेड़ी गुजरान सब-हेल्थ स्टेशन के अपग्रेडेशन संबंधी जानकारी बैठक में साझा की। फायर एंड इमरजेंसी विभाग की समीक्षा में एनआईटी क्षेत्र में प्रस्तावित नए फायर स्टेशन की प्रगति पर चर्चा हुई, साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे कार्यों की स्थिति से भी अधिकारियों ने अवगत कराया। वाईएमसीए साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी के नए परिसर के विकास कार्य की भी समीक्षा की गई। नगर निगम द्वारा भाखड़ा पाली सड़क, वार्ड नंबर-10 में आरसीसी नाला, गांव गौछी में वेलकम गेट गांव गोठरा सड़क के कार्य की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया। वन विभाग द्वारा गांव पाली में निर्माणाधीन पौंड और चेक डैम की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं सीधे तौर पर जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी होती हैं। इसलिए इन घोषणाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी करें और प्रोजेक्ट की निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर कोई बाधा या समस्या उत्पन्न होती है, तो उसे तत्काल उनके कार्यालय को अवगत कराया जाए, ताकि समस्या का समाधान समय रहते किया जा सके और कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और आपसी तालमेल से कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं की फाइलिंग, फंड्स के उपयोग, प्रगति रिपोर्ट और ग्राउंड स्टेटस को नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

बैठक के दौरान वन विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूएलबी, आरटीओ तथा खेल विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में चल रही परियोजनाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी उपायुक्त को दी। अधिकारियों ने बताया कि किन-किन परियोजनाओं में प्रगति तेज है तथा किन कार्यों को पूरा कर पोर्टल पर अपडेट किया जा चुका है।

समीक्षा बैठक में डीडीपीओ प्रामिन्दर, वन विभाग अधिकारी झलकार उयाके, आरटीओ सचिव मुनीश सहगल, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)