संगठन में उत्साह, बधाई देने वालों का लगा तांता

फरीदाबाद। विश्व हिंदू परिषद के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्याम सुंदर मुथरेजा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार (पूर्व न्यायाधीश) से विचार-विमर्श और सलाह के बाद की गई। नियुक्ति की घोषणा होते ही संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया।

जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर श्याम सुंदर मुथरेजा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसका पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज को संगठित करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना और धार्मिक मूल्यों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में भीमचंद गोयल (विभाग अध्यक्ष), सीमा शर्मा (क्षेत्र संयोजिका), राजकुमार मदन (जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) और पंकज अरोड़ा (प्रखंड अध्यक्ष) प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने विश्वास जताया कि मुथरेजा के नेतृत्व में संगठन जिले में और अधिक सक्रिय व प्रभावी भूमिका निभाएगा।

उल्लेखनीय है कि पेशे से ट्रांसपोर्टर श्याम सुंदर मुथरेजा बचपन से ही धर्म और समाज सेवा से जुड़े रहे हैं। वे पिछले चार वर्षों से सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर-2 के अध्यक्ष पद पर रहकर धार्मिक गतिविधियों का सफल संचालन कर रहे हैं। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। श्रीराम रथ यात्रा की शुरुआत में भी उन्होंने संस्थापक की भूमिका निभाकर संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष के रूप में श्याम सुंदर मुथरेजा की नियुक्ति को संगठन के लिए नई ऊर्जा और दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *