जिला स्तरीय समाधान शिविर में अधिकारियों ने सुनीं नागरिकों की शिकायतें, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

फरीदाबाद, 05 मार्च।
हरियाणा सरकार की जनहितकारी पहल “समाधान शिविर” आम नागरिकों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है। इसी कड़ी में वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता फरीदाबाद के एसडीएम अमित कुमार ने की।

एसडीएम अमित कुमार ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी प्राप्त हुईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस तथा बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।

उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह पहल निरंतर जारी रहेगी।

एसडीएम अमित कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी नागरिक को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका द्वारा नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य या आपराधिक शिकायतों से संबंधित कोई भी समस्या हो, तो वह समाधान शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इन शिविरों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सरकार और प्रशासन के प्रति उनके विश्वास को भी दर्शाती है।

इस अवसर पर सीटीएम अंकित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)