फरीदाबाद- पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 6 मार्च को जयवीर सिंह, डीसीपी ट्रैफिक, फरीदाबाद द्वारा जिला के विभिन्न स्कूलों के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्कूल खुलने, छुट्टी के समय स्कूलों के बाहर लगने वाले ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
यह बैठक दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में शहर के उन प्रमुख स्कूलों के प्रबंधकों के साथ बैठक की गई जिनके आसपास प्रायः ट्रैफिक जाम की समस्या अधिक रहती है। इस चरण की बैठक डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह द्वारा ली गई। वहीं दूसरे चरण में शहर के अन्य स्कूलों के प्रबंधकों के साथ बैठक विकास कुमार, एसीपी ट्रैफिक द्वारा आयोजित की गई।
बैठक में लगभग तीस से अधिक स्कूलों के प्रबंधक, प्रशासनिक अधिकारी व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर इंस्पेक्टर अनोज कुमार, एसएचओ ट्रैफिक भी मौजूद रहे और उन्होंने भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किये।
बैठक के दौरान स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए गए कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय ट्रैफिक को व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक मार्शल/स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जाए, जिनके द्वारा ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद की जाये। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधको को यह भी कहा गया कि स्कूल के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग न होने दी जाए। स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों को भी स्पष्ट रूप से जागरूक करें कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करें।
बैठक में सैफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत जारी दिशा-निर्देशों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया। स्कूल प्रबंधनों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों के परिवहन में उपयोग होने वाले सभी स्कूल बसों व वैन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज तथा वाहनों में सभी अनिवार्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और स्कूल क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
जिन स्कूलों के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, उन्हें वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने और अधिक से अधिक स्कूल बस/वैन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भी कहा गया, ताकि निजी वाहनों की संख्या कम हो और ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो सके।
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि भविष्य में इन निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है या स्कूलों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग व ट्रैफिक जाम की स्थिति पाई जाती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सूचना देने तथा किसी भी प्रकार की ट्रैफिक सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 0129-2267201 या आपातकालीन सेवा Dial 112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आमजन फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X( https://x.com/FTPfbd), फेसबुक https://www.facebook.com/FBDFTP और इंस्टाग्राम https://www.instagram.com/faridabad_traffic_police पर भी अपनी शिकायत, सूचना या सुझाव साझा कर सकते हैं तथा इन माध्यमों से ट्रैफिक से जुड़ी ताज़ा जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

