फरीदाबाद। जन्मदिन मनाने का अंदाज हर व्यक्ति का अलग होता है। कोई होटल में तो कोई यार-दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जन्मदिन की खुशियां मनाता है, लेकिन एमएससी स्कूल के चेयरमैन सुबोध महाशय ने अपना जन्मदिन स्कूली बच्चों के साथ मनाकर इसे यादगार बना दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार स्वरूप स्टेशनरी वितरित की।
सुबोध महाशय के इस सेवा भाव से बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। बच्चों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ खुशी के पल साझा किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य योगेश्वरी सहित समस्त स्टाफ ने सुबोध महाशय को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर सुबोध महाशय ने कहा कि जन्मदिन केवल स्वयं खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और बच्चों के साथ खुशियां बांटने का भी दिन है। बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाकर उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और स्कूली बच्चों की मदद करना तथा उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन की सबसे बड़ी खुशी है। बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी पढ़ाई में भी मदद मिलेगी।
प्रधानाचार्य योगेश्वरी ने कहा कि सुबोध महाशय ने बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका बच्चों के प्रति स्नेह और शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी सिखाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण खुशी और उत्साह से भरा रहा। बच्चों एवं स्टाफ ने सुबोध महाशय के दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

